सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर पहलेजा घाट और हरिहरनाथ मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सारण, 20 अगस्त (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर एवं पहलेजा घाट पर पर सावन के अंतिम और चौथे सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सोनपुर के संयुक्त नेतृत्व में पहलेजा घाट और आसपास के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया गया। इस मौके पर पहलेजा थानाध्यक्ष एवं कार्यपालक दंडाधिकारी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, सुगम यातायात व्यवस्था, चिन्हित मार्गों पर सीसीटीवी की अद्यतन स्थिति, कांवरियों के सुरक्षित आवागमन, मायकिंग, वॉच टावर, प्राथमिक उपचार, एम्बुलेंस तथा आपात स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
प्रशासन ने ड्यूटी पर तैनात सभी पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का सख्त निर्देश दिया। भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

