जेन-जी पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ेगा एबीवीपी का शौर्यशक्ति संगम सम्मेलन

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 28 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छपरा के तत्वावधान में आगामी 29 अक्टूबर को एक दिवसीय शौर्यशक्ति संगम युवती सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य एवं जेपीयू की प्राध्यापक प्रो पूनम सिंह ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जेन-जी पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं गौरवशाली परंपराओं से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि आज की युवा पीढ़ी तकनीक और सोशल मीडिया से तेजी से प्रभावित हो रही है। ऐसे दौर में युवतियों को पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

इस सम्मेलन में बिहार महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा और भारत विकास परिषद् की अध्यक्ष वर्षा पाण्डेय अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन युवतियों में आत्मविश्वास विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का एक अत्यंत सशक्त प्रयास है। इसे लेकर शहर भर के युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768210 Articles

Share this story