छपरा और सोनपुर में 12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत

WhatsApp Channel Join Now
छपरा और सोनपुर में 12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत


सारण, 26 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण के मार्गदर्शन में आज राजकीय कन्या उच्च विद्यालय-सह-इंटर कॉलेज, सारण में विशेष विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य विषय विद्यालयों में बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा जागरूकता एवं रिपोर्टिंग तंत्र को सुदृढ़ करना तथा शिक्षा का अधिकार, संविधान की समझ, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य रहा। शिविर को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार ने छात्राओं और शिक्षकों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग व साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सचेत किया।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन उत्पीड़न, साइबर बुलिंग या आपात स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर तुरंत सहायता व शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने भारतीय संविधान, शिक्षा के अधिकार अधिनियम, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर भी विस्तार से जानकारी दी।

सचिव राजीव कुमार ने 12 दिसंबर को व्यवहार न्यायालय परिसर, छपरा एवं अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय, सोनपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी देते हुए सुलहनीय वादों के त्वरित व निःशुल्क निष्पादन के लिए लोगों को प्रेरित करने की अपील की। इस अवसर पर पारा विधिक स्वयंसेवक नौसाद अली, विद्यालय के शिक्षकगण व छात्राएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story