सारण 9 उप स्वास्थ्य केंद्रों को मिला शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का दर्जा

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 12 अगस्त (हि.स.)। जिले में ग्रामीण व शहरी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत जिले के 9 उप स्वास्थ्य केंद्रों को शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है।

सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय बैठक में लिए गए फैसले के तहत दरियापुर के सैदपुर, मशरख के हनुमानगंज, जलालपुर के कोपा, एकमा के भरहोपुर व हरपुर, दिघवारा के सैदपुर, मढ़ौरा के ओसइयां व रहिमापुर तथा छपरा सदर स्थित सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज के उप स्वास्थ्य केंद्र का चयन किया गया है।

उन्होंने बताया कि इन केंद्रों पर मरीजों को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक ओपीडी सेवा, एमबीबीएस डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, पैथोलॉजी जांच, मुफ्त दवाएं और टीकाकरण समेत 12 तरह की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। जिससे स्थानीय लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story