सारण में हिट एंड रन मामलों के 77 प्रतिशत पीड़ितों को मिला मुआवजा
सारण, 22 अगस्त (हि.स.)। जिले में सड़क हादसों में अज्ञात वाहनों की टक्कर के मामलों में जिला प्रशासन और परिवहन विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को राहत पहुंचाई जा रही है। जिला परिवहन पदाधिकारी लतीफुउर रहमान द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार जिले में मुआवजा प्रक्रिया में तेजी से सुधार हुआ है और निष्पादन का आंकड़ा 77 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी लतीफुर रहमान ने बताया कि हिट एंड रन मुआवजे के लिए कुल 502 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिला प्रशासन द्वारा संज्ञान लेते हुए इनमें से 497 मामलों को अंतिम प्रक्रिया के लिए जी आई सी को भेज दिया गया था। जी आई सी स्तर पर हुई समीक्षा के बाद अब तक 386 पीड़ित परिवारों को मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है। वर्तमान में जी आई सी के पास भुगतान के लिए लंबित आवेदनों की संख्या मात्र 111 रह गई है, जिन्हें भी जल्द से जल्द निपटाने की प्रक्रिया जारी है।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि अज्ञात वाहनों की दुर्घटना में जान गंवाने या गंभीर रूप से घायल होने वाले पीड़ितों के आश्रितों को आर्थिक संबल देना प्राथमिकता है। 77% का यह भुगतान दर यह दर्शाता है कि मामलों को बिना किसी अनावश्यक देरी के निपटाया जा रहा है। शेष लंबित आवेदनों के कागजातों का सत्यापन कराकर जल्द ही उन मामलों में भी राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

