हर घर नल का जल की जमीनी जांच के लिए सारण में 104 अधिकारियों की हुई तैनाती

WhatsApp Channel Join Now
हर घर नल का जल की जमीनी जांच के लिए सारण में 104 अधिकारियों की हुई तैनाती


सारण, 26 सितंबर (हि.स.)। जिले में हर घर नल का जल योजना की वास्तविक स्थिति और क्रियान्वयन को परखने के लिए व्यापक स्तर पर स्थलीय जांच शुरू की गई है। मुख्यमंत्री सचिवालय बिहार सरकार के सरप्राइज इंस्पेक्शन एंड कंप्लायंस मॉनिटरिंग सिस्टम के तहत जिला प्रशासन ने कुल 104 अधिकारियों को विभिन्न पंचायतों एवं नगर निकायों में निरीक्षण का जिम्मा सौंपा है।

नामित टीम में बीडीओ, सीओ, बीपीआरओ, कार्यपालक अभियंता, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी समेत जिला व प्रखंड स्तर के वरीय अधिकारी शामिल हैं। यह टीम छपरा सदर, सोनपुर, मढ़ौरा, एकमा, तरैया और दिघवारा समेत जिले के सभी प्रखंडों में जाकर योजना की गुणवत्ता, जलापूर्ति की उपलब्धता और मानकों का सत्यापन कर रही है।

जिला सूचना जनसंपर्क कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कुल 220 निर्धारित स्थलीय जांचों में से अब तक 105 जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी हैं। निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों और धांधली पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story