बक्सर में विकास योजनाओं और जनकल्याण कार्यक्रमों की रही धूम
बक्सर, 26 जुलाई (हि.स.)।
जिले में बीते सप्ताह विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से कई महत्वपूर्ण गतिविधियां संचालित की गईं। आगामी श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
राज्य सरकार के नेतृत्व में सात निश्चय-3 के तहत प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय स्थापित करने की दिशा में पहल करते हुए बक्सर के एमपी हाई स्कूल में सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का शुभारंभ किया गया। इस पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। इसी सप्ताह जिले में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भी सफल आयोजन हुआ, जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया।
जबकि जनसुविधाओं को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से सभी प्रखंडों की पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याओं एवं आवेदनों को प्रशासन के समक्ष रखा। प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। वहीं सभी विद्यालयों में साइबर मंगलवार कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
जिले में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 26 निजी कंपनियों ने भाग लिया। एक हजार से अधिक रिक्त पदों के लिए 1274 बायोडाटा प्राप्त हुए, जिनमें से 585 अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट चयन किया गया, जबकि 366 युवाओं को रोजगार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रम के तहत जन्मी 12 नवजात कन्याओं के परिजनों को बेबी किट देकर सम्मानित किया गया तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया गया। कृषि समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले में लगभग 40 प्रतिशत धान की रोपनी पूरी हो चुकी है तथा किसानों के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में यूरिया 12,694.705 एमटी, डीएपी 1,938.450 एमटी, एनपीके 6,071.300 एमटी, एमओपी 367.300 एमटी तथा एसएसपी 3,492.450 एमटी उपलब्ध है।
इसके अलावा राज्य सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर जिले में सम्मान सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन का कहना है कि विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसुविधाओं के विस्तार और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास लगातार जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

