छपरा मेडिकल कॉलेज में हुआ पौधारोपण, 7.63 लाख पौधों का लक्ष्य हासिल

WhatsApp Channel Join Now
छपरा मेडिकल कॉलेज में हुआ पौधारोपण, 7.63 लाख पौधों का लक्ष्य हासिल


छपरा मेडिकल कॉलेज में हुआ पौधारोपण, 7.63 लाख पौधों का लक्ष्य हासिल


सारण, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित सारण के संकल्प को साकार करने की दिशा में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इसके साथ ही जिले में निर्धारित 7 लाख 63 हजार पौधारोपण के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार और उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने पौधों के नियमित रखरखाव और संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हरित परिसर से मरीजों और चिकित्सकों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा।

पौधारोपण के उपरांत जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के तहत सिविल सर्जन द्वारा सप्ताह में 3 दिन के लिए फिजियोथेरेपिस्ट की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।

इसके साथ मरीजों की आपातकालीन सुविधा हेतु एम्बुलेंस को सदर अस्पताल से टैग किया जा चुका है। साथ ही साथ मरीजों को त्वरित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ब्लड बैंक को भी मेडिकल कॉलेज से टैग कर दिया गया है।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य सुविधाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करें, ताकि आमजनों को बेहतर इलाज और सुविधा मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story