संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत विकास शिविर का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत विकास शिविर का निरीक्षण


सुपौल, 03 सितंबर (हि.स.)। श्री गुरु संत रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर राज्य स्तर पर चलाए जा रहे श्री गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को विभिन्न प्रखंडों में विकास शिविर का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने दिनापट्टी पंचायत में आयोजित श्री संत रविदास विकास शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने शिविर में मौजूद पदाधिकारियों एवं कर्मियों से बातचीत कर शिविर में प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली।

अधिकारियों ने बताया कि शिविर में सबसे अधिक आवेदन परिवार के अलग होने के कारण पूर्व के राशन कार्ड से अलग नया राशन कार्ड बनवाने से संबंधित प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा दिव्यांगता से संबंधित सरकारी लाभ प्राप्त करने के लिए भी लोगों ने आवेदन दिए।

उप विकास आयुक्त ने शिविर में मौजूद विकास मित्र एवं शिविर प्रभारी को सभी प्राप्त आवेदनों का विधिवत परीक्षण करते हुए नियमानुसार त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि अधिकतर आवेदनों का निष्पादन दो से तीन दिनों के अंदर कर दिया जाता है तथा पात्र आवेदकों को आवश्यकता के अनुसार योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाता है। डीडीसी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि विकास शिविर के आयोजन से पहले क्षेत्र में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकें और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना है। इसके लिए प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिविर के दौरान स्थानीय मुखिया सहित सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उनके आवेदन संबंधित विभागों के समक्ष निष्पादन के लिए प्रस्तुत किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story