भागलपुर के संजय कुमार बने बिहार अंडर-23 क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर के संजय कुमार बने बिहार अंडर-23 क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच


भागलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)।

भागलपुर के खेल जगत के लिए एक बार फिर गौरव का क्षण आया है। जिले के सुरखीकल निवासी अनुभवी क्रिकेट प्रशिक्षक संजय कुमार को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने बीसीसीआई पुरुष अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी (प्लेट) 2026-27 के शुरुआती दो मैचों के लिए बिहार टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया है।

संजय कुमार के पास राज्य स्तर पर कोचिंग का समृद्ध अनुभव है। इससे पहले वे विजय हजारे ट्रॉफी (सीनियर वनडे टीम) के लिए भी बिहार टीम के सहायक कोच की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। कोचिंग में उनकी दक्षता को देखते हुए उन्हें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी से लेवल-2 परीक्षा के प्रशिक्षण के लिए भी आमंत्रित किया जा चुका है। क्रिकेट में सटीक थ्रो, चपलता और कैचिंग मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।

इस नई भूमिका में संजय कुमार राज्य के उभरते खिलाड़ियों की फील्डिंग तकनीक को निखारेंगे। अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने इसे एक बड़ी जिम्मेदारी बताया और इसका श्रेय अपनी मां राम पुकारी देवी तथा पत्नी कुमारी जूली के निरंतर सहयोग को दिया।

उल्लेखनीय है कि बीसीए की जूनियर चयन समिति द्वारा जारी पत्र के अनुसार, 17 सदस्यीय मुख्य टीम की कप्तानी मधुबनी के आदित्य राज को सौंपी गई है, जबकि पृथ्वी राज उप-कप्तान की भूमिका में होंगे। संजय कुमार के चयन पर भागलपुर जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए टीम के बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783308 Articles

Share this story