सारण में कचरा प्रबंधन में कार्यरत स्वच्छता कर्मी होंगे सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
सारण में कचरा प्रबंधन में कार्यरत स्वच्छता कर्मी होंगे सम्मानित


सारण में कचरा प्रबंधन में कार्यरत स्वच्छता कर्मी होंगे सम्मानित


सारण में कचरा प्रबंधन में कार्यरत स्वच्छता कर्मी होंगे सम्मानित


सारण, 23 जुलाई (हि.स.) समाहरणालय स्थित अपने कक्ष में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल की एक बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी अंचलाधिकारी एवं स्वच्छता कर्मी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जोर देते हुए सभी बीडीओ को कचरा संग्रहण की दैनिक मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने डंप साइटों की पहचान और एनओसी जारी करने के लिए बीडीओ एवं सीओ को संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया। साथ ही सरकार की नई गाइडलाइन के तहत 4-वे सेग्रीगेशन, बल्क वेस्ट जनरेटरों के पंजीकरण और डंप साइटों की साफ-सफाई के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया।

जिलाधिकारी ने पंचायतों में महादलित परिवारों के घरों में शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने और लाभार्थियों को तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश और जन-जागरूकता फैले। बाजार वाले क्षेत्रों में सामुदायिक स्वच्छता परिसरों को सुलभ इंटरनेशनल जैसी संस्थाओं के माध्यम से संचालित करने पर भी चर्चा हुई।

साथ ही साथ वन पोषक योजना के तहत पंचायत स्तरीय स्वच्छता कर्मियों को पौधरोपण की जिम्मेदारी देकर वन पोषक बनाया जाएगा, जिससे उन्हें अतिरिक्त राशि व प्रोत्साहन मिल सके। 15वें वित्त आयोग टाइड फंड के जीपीडीपी में 2,00,000 रुपए तक का प्रावधान कर उक्त कर्मियों के वेतन, स्वच्छता किट, तथा ई-रिक्शा/पी-रिक्शा की मरम्मत का भुगतान किया जाएगा।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों एवं स्वच्छता कर्मियों को इंसेंटिव देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा जलालपुर के कोमना पंचायत में गोबरधन योजना के कार्य में विलंब पर डीडीसी को समीक्षा के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story