नाला सफाई के दौरान करंट की चपेट में आया सफाई कर्मी
भागलपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर के हबीबपुर नगर पंचायत क्षेत्र से शुक्रवार को एक बेहद चिंताजनक और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के 'शुद्धी मुखिया चौक' पर नाला सफाई कार्य के दौरान एक सफाई कर्मी अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया। घायल सफाई कर्मी की पहचान बलराम पासवान के रूप में हुई है।
इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में बिजली विभाग व नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले की सफाई के दौरान बलराम अचानक करंट की चपेट में आ गया। जब आस-पास के लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, तो बिजली का करंट इतना तेज था कि वह बचाने आने वालों को भी अपनी ओर खींच रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाई और किसी तरह बांस के सहारे कड़ी मशक्कत के बाद सफाई कर्मी को करंट की चपेट से बाहर निकाला।
ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में घायल बलराम पासवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। इस घटना ने बिजली विभाग की घोर लापरवाही को एक बार फिर उजागर कर दिया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्या बिजली विभाग अभी तक गहरी नींद से जागा नहीं है? कुछ ही दिन पूर्व मिट्टी डालने के दौरान कब्रिस्तान में भी करंट लगने से एक बड़ी दुर्घटना हुई थी। विभाग की यह लगातार सामने आ रही लापरवाही अब पूरे समाज और राहगीरों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।
इस हादसे ने नगर पंचायत प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा सफाई कर्मियों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण (जैसे- इंसुलेटेड दस्ताने, सुरक्षा जूते, हेलमेट या अन्य आवश्यक सेफ्टी किट) के ही गहरे नालों में काम करने के लिए भेज दिया जाता है। इस मामले में एक अन्य सफाई कर्मी चंदन कुमार ने भी कई अहम और चौंकाने वाली जानकारियां दी हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सफाई कर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर पूरे क्षेत्र को साफ और संक्रामक बीमारियों से मुक्त रखने का काम करते हैं, लेकिन उनकी खुद की सुरक्षा के लिए प्रशासन के पास कोई पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि ऐसे में यदि कोई बड़ा हादसा हो जाए और किसी की जान चली जाए, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और सफाई कर्मी संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि घायल सफाई कर्मी बलराम पासवान को उचित और उच्च स्तरीय इलाज मुहैया कराया जाए। पीड़ित परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता (मुआवजा) दी जाए। भविष्य में सभी सफाई कर्मियों को काम पर भेजने से पहले आवश्यक सुरक्षा उपकरण (सेफ्टी गियर) अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं, ताकि दोबारा ऐसी किसी अनहोनी की पुनरावृत्ति न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

