सीवान में सफाई व्यवस्था ठप: मृत जानवर लटकाकर कर्मियों का उग्र प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सीवान में सफाई व्यवस्था ठप: मृत जानवर लटकाकर कर्मियों का उग्र प्रदर्शन


सीवान, 08 मई (हि.स.)।

सीवान नगर परिषद के सफाई कर्मी और कर्मचारी शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे रहे। बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (ऐक्टू) के बैनर तले चल रहे आंदोलन ने शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा दिया है। शहर के कई मोहल्लों में कूड़ा उठाव बंद होने से सड़कों पर गंदगी का अंबार लग गया है और दुर्गंध से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

हड़ताली कर्मियों ने शुक्रवार को शहर में मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर मुख्य गेट पर कूड़ा-कचरा फेंक दिया और विरोध स्वरूप मृत जानवर को गेट पर लटका दिया। इतना ही नहीं, कर्मचारियों ने कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे पूरे दिन विभागीय कामकाज ठप रहा। जरूरी काम से पहुंचे लोगों को बिना काम कराए लौटना पड़ा।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (ऐक्टू) के राज्य सचिव अमित कुमार ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को समय पर वेतन, सुरक्षा उपकरण और मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं। कई कर्मचारी वर्षों से अस्थायी रूप से काम कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी सेवा स्थायी नहीं की गयी है।

उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उधर, लगातार दूसरे दिन सफाई व्यवस्था ठप रहने से शहर के चौक-चौराहों, बाजारों और मोहल्लों में कूड़े के ढेर लगने लगे हैं। बढ़ती गंदगी से संक्रमण फैलने का खतरा भी मंडराने लगा है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story