कटिहार में उत्साहपूर्वक मनाया गया संविधान दिवस: समाहरणालय से लेकर पंचायतों व विद्यालयों तक हुआ प्रस्तावना का पाठ

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में उत्साहपूर्वक मनाया गया संविधान दिवस: समाहरणालय से लेकर पंचायतों व विद्यालयों तक हुआ प्रस्तावना का पाठ


कटिहार, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार (26 नवंबर 2026) को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों एवं समाहरणालय कर्मियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इसके पश्चात समाहरणालय परिसर में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ खड़े होकर जिलाधिकारी के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इसी क्रम में जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों, विद्यालयों एवं पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित कर प्रस्तावना का पाठ किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान हमारे अधिकारों का रक्षक और कर्तव्यों का मार्गदर्शक है। उन्होंने स्मरण कराया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था और इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता का अधिकार देने के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों के पालन की जिम्मेदारी भी सौंपी है।

डीएम ने सभी सरकारी सेवकों को संविधान की भावना के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जनहित में कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मी संविधान में निहित मूल्यों को अपने दैनिक कार्यों में आत्मसात करें तथा आम जनता को न्यायपूर्ण और संवेदनशील सेवा प्रदान करें। साथ ही उन्होंने युवाओं से भी संविधान के आदर्शों को समझकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं समाहरणालय के सभी कर्मी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story