सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया संविधान दिवस, विद्यार्थियों ने ली संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया संविधान दिवस, विद्यार्थियों ने ली संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ


सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया संविधान दिवस, विद्यार्थियों ने ली संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ


सुपौल, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, सुपौल में सीबीएसई, दिल्ली एवं बिहार सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ करते हुए उसके मूल आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ ली।

विद्यालय के प्रातःकालीन कार्यक्रम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानाचार्य सर्वेश कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने भारतीय संविधान की महत्ता एवं गरिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान में निहित मूल्यों को प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की सीख दी। साथ ही, एक जिम्मेदार नागरिक बनकर देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में योगदान देने का आह्वान किया।

इसके बाद विद्यार्थियों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने अपनी कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भारतीय संविधान, राष्ट्रीय एकता, समानता, स्वतंत्रता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विषयों को रंगों के माध्यम से उकेरा। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व को रचनात्मक तरीके से समझने एवं अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, इसके महत्व, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है तथा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह इसके मूल सिद्धांतों एवं आदर्शों का सम्मान करे।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समानता एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को जागरूक, अनुशासित एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनकर देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story