समृद्धि यात्रा में बोले सम्राट चौधरी-पटना मरीन ड्राइव बदलते बिहार की सुखद तस्वीर

WhatsApp Channel Join Now
समृद्धि यात्रा में बोले सम्राट चौधरी-पटना मरीन ड्राइव बदलते बिहार की सुखद तस्वीर


समृद्धि यात्रा में बोले सम्राट चौधरी-पटना मरीन ड्राइव बदलते बिहार की सुखद तस्वीर


पटना, 26 मार्च (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना में बने मरीन ड्राइव (गंगा पथ) को देखने के लिए देशभर से लोग आ रहे हैं। ये बदलते बिहार की सुखद तस्वीर है। चौधरी ने कहा अब दीघा से कोइलवर और मुंगेर से भागलपुर तक लगभग 125 किलोमीटर लंबा मरीन ड्राइव बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद पर्यटन और रोजगार को नया आयाम मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ समृद्धि यात्रा के समापन अवसर पर पटना के बापू सभागार पहुंचे। यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्हाेंने कहा न्याय यात्रा, परिवर्तन यात्रा, विकास यात्रा, प्रगति यात्रा और अब समृद्धि यात्रा के माध्यम से एनडीए सरकार ने बिहार में विकास की मजबूत नींव रखी है। आज महान सम्राट अशोक जयंती है। सम्राट अशोक ने भारत को स्वर्णिम काल दिया। अखंड भारत की कल्पना पूरी की। बाद में वो शांति और करुणा के प्रतीक बने। बिहार सरकार ने महान सम्राट अशोक की विरासत को सम्मान देने के लिए बापू सभागार, ज्ञान भवन और सभ्यता द्वार को सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर नाम दिया है। श्री चौधरी ने कहा ये सिर्फ भवन नहीं, बल्कि बिहार की गौरव के प्रतीक हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव था। उस समय राज्य में केवल 6 हजार किलोमीटर सड़कें थीं, जो अब बढ़कर करीब 1 लाख 40 हजार किलोमीटर हो चुकी हैं। बिजली के क्षेत्र में भी बड़ा सुधार हुआ है। आने वाले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा-राज्य में हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। फोरलेन, सिक्स लेन और एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बाद अब सरकार हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया में एयरपोर्ट के विकास के बाद अब राज्य के अन्य हिस्सों में भी हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। बिहटा, सोनपुर, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, सुलतानगंज, बीरपुर, वाल्मीकिनगर और रक्सौल में भी एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार विकास के पथ पर इसी तरह आगे बढ़ता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story