बाढ़ राहत से वंचित समौरा के ग्रामीणों का अंचल कार्यालय पर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ राहत से वंचित समौरा के ग्रामीणों का अंचल कार्यालय पर प्रदर्शन


Darbhanga Bihar, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के कुशेश्वरस्थान क्षेत्र में बाढ़ की विभीषिका झेलने के बावजूद राहत नहीं मिलने से नाराज ईटहर पंचायत के समौरा गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को अंचल कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीणों ने अंचल प्रशासन एवं कृषि अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बाढ़ राहत उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का आरोप था कि इस वर्ष बाढ़ के दौरान समौरा गांव चारों ओर से पानी से घिर गया था। कई घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया था, जबकि खेतों में लगी धान की फसल भी बर्बाद हो गई थी। इसके बावजूद बाढ़ राहत वितरण की प्रक्रिया में गांव को सूची से बाहर रखा गया, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

ग्रामीणों ने कहा कि जब गांव के लोगों ने बाढ़ की गंभीर स्थिति झेली और घरों के साथ फसलों को भी नुकसान पहुंचा, तो उन्हें राहत से वंचित रखना समझ से परे है। उन्होंने गांव में बाढ़ से हुए नुकसान की निष्पक्ष जांच कराने और सभी पात्र परिवारों को राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की।

वार्ड सदस्या डेजी कुमारी एवं महंती देवी के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन के बाद अपनी मांगों से संबंधित आवेदन अंचल कार्यालय में सौंपा। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदर्शन में सज्जन राय, लक्ष्मण सदा, पंकज सदा, बिजली सदा, जोगिंदर सदा, रामजतन सदा, रामपुकार साह, महेश कुमार, चंद्र किशोर साह, जोगी साह, राजीव साह और सुभाष साह सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story