समेली में अपराध की योजना विफल: हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
समेली में अपराध की योजना विफल: हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार


कटिहार, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मलहरिया पंचायत के खोटा गांव में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक (किशोर) को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खोटा गांव में कुछ युवक हथियार के साथ एकत्रित होकर किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एसटीएफ और पोठिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल खोटा गांव निवासी सोनू कुमार के घर की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान मौके से तीन लोगों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार युवकों की पहचान खोटा गांव निवासी सोनू कुमार (21 वर्ष) एवं मुन्ना कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है। पकड़ा गया तीसरा आरोपी नाबालिग (विधि विरुद्ध बालक) है, जिसे नियमानुसार निरुद्ध किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद हथियार और मोबाइल की जांच की जा रही है तथा आरोपियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story