बक्सर के 1.61 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में पहुंची राशि

WhatsApp Channel Join Now
बक्सर के 1.61 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में पहुंची राशि


बक्सर के 1.61 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में पहुंची राशि


बक्सर, 10 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बड़ी राहत देते हुए पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है। शुक्रवार को इस बढ़ी हुई पेंशन राशि तथा जून 2026 के बकाया का डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरण किया गया। इस अवसर पर समाहरणालय परिसर स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राशि अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत संचालित सभी छह पेंशन योजनाओं में लाभार्थियों की मासिक पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी है। सरकार ने इसे वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, विधवाओं एवं अन्य जरूरतमंद नागरिकों को सम्मानजनक जीवन और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

बक्सर जिले में कुल 1,60,902 पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से बढ़ी हुई पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। इनमें मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 84,456, इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना के 39,742, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 15,905, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 4,933, बिहार निशक्तता पेंशन योजना के 14,998 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन योजना के 968 लाभार्थी शामिल हैं।

कार्यक्रम में कहा गया कि बिहार सरकार की न्याय के साथ विकास की नीति के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और कमजोर वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, ताकि लाभार्थियों के आत्मसम्मान में वृद्धि हो और उन्हें गरिमापूर्ण जीवन जीने का अवसर मिल सके। समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी बक्सर, सहायक समाहर्ता, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला प्रबंधक बुनियाद केंद्र सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पेंशनधारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story