जेल से रिहा होने के बाद विश्वविद्यालय पहुंचे छात्र नेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण को किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
जेल से रिहा होने के बाद विश्वविद्यालय पहुंचे छात्र नेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण को किया नमन


जेल से रिहा होने के बाद विश्वविद्यालय पहुंचे छात्र नेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण को किया नमन


सारण, 18 जून (हि.स.)। जयप्रकाश विश्वविद्यालय मोबिल कांड में जेल गए शोध छात्र संगठन के छात्र नेता विशाल सिंह राजपूत और सुनील सिंह को न्यायालय से जमानत मिल गई है।

जेल से कल शाम रिहा होने के बाद आज दोनों छात्र नेता संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे। जेपीयू परिसर में कदम रखते ही कार्यकर्ताओं ने नारों के साथ दोनों नेताओं का स्वागत किया और उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया।

इसके बाद सभी कार्यकर्ता विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे और माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर विशाल सिंह राजपूत और सुनील सिंह ने कहा कि लोकनायक ने इसी धरती से संपूर्ण क्रांति का नारा देकर देश को अन्याय के खिलाफ लड़ना सिखाया था। आज हम भी संकल्प लेते हैं कि जेपीयू में व्याप्त भ्रष्टाचार, शैक्षणिक अराजकता और छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को समाप्त करके ही दम लेंगे। जेल भेजकर छात्र आंदोलन को दबाने की कोशिश प्रशासन की सबसे बड़ी भूल है।

संगठन के संरक्षक उज्ज्वल कुमार सिंह ने कहा कि भ्रष्ट पदाधिकारियों ने सुनियोजित साजिश के तहत नेताओं को झूठे मुकदमे में फंसाया। प्रशासन का यह भ्रम अब टूट चुका है कि आंदोलन कमजोर पड़ेगा।

छात्र नेता गुलशन यादव ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि लंबित अंकपत्र, डिग्री वितरण में देरी और परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी के खिलाफ है। भ्रष्टाचार के खिलाफ यह आंदोलन अब और उग्र होगा तथा जेपीयू को लूट का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। इस मौके पर अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story