बिहारशरीफ में मंगला स्थान मंदिर का 2 करोड़ की लागत से होगा पुनर्निर्माण

WhatsApp Channel Join Now
बिहारशरीफ में मंगला स्थान मंदिर का 2 करोड़ की लागत से होगा पुनर्निर्माण


नालंदा, बिहारशरीफ 16 मई (हि.स.)। सनातन धर्म विकास ट्रस्ट की ओर से देवी सराय स्थित मंगला स्थान मंदिर के पुनर्निर्माण को लेकर आज शनिवार को वैष्णवी मैरेज हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं भाजपा नालंदा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार भी मौजूद रहे।

बैठक में मंदिर के विकास एवं पुनर्निर्माण की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।इस दौरान डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि मंगला स्थान मंदिर की जर्जर स्थिति को देखकर लंबे समय से इसके कायाकल्प की आवश्यकता महसूस हो रही थी। अब मंदिर के पुनर्निर्माण का नक्शा तैयार कर लिया गया है और करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से इसे नया एवं भव्य स्वरूप दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मंदिर की मूल धार्मिक पहचान को बरकरार रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मॉडल मंदिर के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।उन्होंने कहा कि यह निर्माण कार्य जनसहयोग से पूरा किया जाएगा और बिहारशरीफ के श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों का इसमें भरपूर सहयोग मिल रहा है। साथ ही उन्होंने लोगों से सनातन धर्म विकास ट्रस्ट के क्यु आर कोड के माध्यम से इस पुनीत कार्य में सहयोग करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि मंगला स्थान मंदिर के बाद बिहारशरीफ के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अपने मंत्री कार्यकाल में बड़ी पहाड़ी स्थित हिरण्य पर्वत के विकास के लिए 2 करोड़ 68 लाख रुपये की योजना की अनुशंसा की गई थी, जिसका कार्य वर्तमान में जारी है। वहीं बाबा मणिराम अखाड़ा क्षेत्र को भी लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन एवं धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। हिरण्य पर्वत पर भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story