संत रविदास जयंती पर जागरूकता रथ रवाना, घर-घर तक पहुंचेगी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
कटिहार, 20 अगस्त (हि.स.)। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद तथा जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संयुक्त रूप से रथ को रवाना कर अभियान का शुभारंभ किया।
27 अगस्त से टोलों में लगेंगे संत रविदास शिविर:
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि जयंती समारोह के उपलक्ष्य में आगामी 27 अगस्त से 15 फरवरी तक प्रत्येक गुरुवार को जिले के सभी टोलों में 'संत रविदास शिविर' आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को राशन कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न जनसेवाओं और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव उसी दिन निष्पादन कर लाभुकों को प्रमाण-पत्र व स्वीकृति पत्र मौके पर ही उपलब्ध कराए जाएंगे।
पंचायत स्तर पर निकलेगी कलश यात्रा:
विधायक तारकिशोर प्रसाद ने प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम में व्यापक जनभागीदारी और प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर तक कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को पहले से मार्ग निर्धारण और सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
युवाओं के लिए होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं:
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं और युवाओं को जोड़ने के लिए कई रचनात्मक कार्यक्रम होंगे। इसके तहत जिले में इंटर-स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता, साइकिल रैली, वाद-विवाद एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

