सहरसा में सैनिक कल्याण कार्यालय का शुभारंभ, पूर्व सैनिकों को अब जिले में ही मिलेगी सभी आवश्यक सुविधाएँ

WhatsApp Channel Join Now
सहरसा में सैनिक कल्याण कार्यालय का शुभारंभ, पूर्व सैनिकों को अब जिले में ही मिलेगी सभी आवश्यक सुविधाएँ


सहरसा, 05 जून (हि.स.)। देश की सीमाओं पर अपने साहस, पराकम और त्याग का अमिट इतिहास लिखने वाले वीर सैनिकों के सम्मान और कल्याण की दिशा में सहरसा ने एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं कार्यरत सैनिक परिवारों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए केन्द्रीय विद्यालय के बगल में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी द्वारा किया गया।

अब तीन जिले सहरसा, मधेपुरा एवं सुपौल के सैनिक परिवार को अपना कार्यालय मिल गया। समारोह में बड़ी संख्या में तीन जिलों के पूर्व सैनिक, वीर नारी, विधवाओं एवं उनके आश्रित उपस्थित रहें।

कार्यक्रम की अध्यक्षवा कर्नल संजय कुमार, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी ने की। स्वागत समारोह के दौरान जिलाधिकारी को मधुबनी पेन्टिंग के चादर भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि सैनिक केवल सीमा के प्रहरी नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा, अनुशासन और समर्पण के जीवंत प्रतीक है। उन्होनें कहा कि सैनिक कल्याण कार्यालय उन वीर जवानो के सम्मान का प्रतीक है, जिन्होंने अपन जीवन राष्ट्र रक्षा को समर्पित किया और आज भी समाज के मार्गदर्शन के रूप में योगदान दे रहे है।

उन्होंने बताया कि अब पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को पेंशन, दस्तावेज सत्यापन, कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, शिकायत निवारण एवं अन्य सेवाओं के लिए भागलपुर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। सभी आवश्यक सेवाएँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी, जिससे समय, श्रम और धन की बचत होगी।

इस अवसर पर कर्नल संजय कुमार, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी, भागलपुर ने कहा कि मेरे लिए यह गर्व का पल है तथा यह कार्यालय पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, एवं उनके आश्रितों के लिए सहायता एवं मार्गदर्शन केंद्र के रूप में कार्य करेगा तथा उनके अधिकारों और सुविधाओं को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगें।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पूर्व सैनिकों ने इस पहल को जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। राष्ट्रभक्ति, सम्मान और सेवा की भावना से ओतप्रोत यह समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

इस भव्य उद्घाटन समारोह में ब्रिगेडियर प्रणव जयसवाल, मेजर अमित प्रियदर्शी, डॉ लेफ्टिनेंट कर्नल रविशंकर लाल,प्रदेश महासचिव हरेश पांडेय, विधिक सलाहकार धीरज कुमार, कोशी प्रमंडल अध्यक्ष प्रवीण झा, प्रमंडल प्रभारी डी एन झा, सहरसा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, सुपौल जिलाध्यक्ष गौतम कुमार सिंह, मधेपुरा जिलाध्यक्ष रौशन कुमार एवं ललन कुमार तांती सहित अन्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story