सैफ अली खान ने थामा कांग्रेस का हाथ,ली सदस्यता

WhatsApp Channel Join Now
सैफ अली खान ने थामा कांग्रेस का हाथ,ली सदस्यता


अररिया 03 मई(हि.स.)।फारबिसगंज निवासी और 2025 के विधानसभा चुनाव में मनिहारी (एसटी) सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी रहे सैफ अली खान ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने पटना स्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में अल्पसंख्यक सेल के प्रदेश अध्यक्ष उमैर खान के हाथों पार्टी की सदस्यता ली।

उल्लेखनीय है कि सैफ अली खान ने पिछले विधानसभा चुनाव में मनिहारी सीट से चुनाव लड़कर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। वे हिंदी पट्टी क्षेत्र से एसटी आरक्षित सीट पर चुनाव लड़ने वाले पहले मुस्लिम आदिवासी उम्मीदवार के रूप में चर्चा में रहे। उन्होंने क्षेत्रीय राजनीति में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद सैफ अली खान ने कहा कि सीमांचल की राजनीति में वैचारिक ध्रुवीकरण बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और एआईएमआईएम जैसी पार्टियां लोगों को मूल मुद्दों से भटकाकर नफरत और विभाजन की राजनीति को बढ़ावा दे रही हैं, जिससे क्षेत्र के विकास पर असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है, जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story