त्रिवेणीगंज के हरिहरपट्टी सहयोग शिविर का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
सुपौल, 07 जुलाई (हि.स.)।
जिलाधिकारी सावन कुमार ने त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत पंचायत सरकार भवन, हरिहर पट्टी में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं का जायजा लिया तथा आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हाल ही में अग्निकांड से प्रभावित तीन लाभुकों के बीच राहत सहायता राशि का चेक वितरित किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है तथा राहत एवं पुनर्वास से संबंधित सभी प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएंगी।
सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों को जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, राजस्व एवं अन्य सरकारी सेवाओं से संबंधित आवेदन एवं समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने मौके पर ही लोगों के आवेदन स्वीकार किए तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर कई मामलों का तत्काल निष्पादन भी किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

