जनता के द्वार सरकार, जन सहभागिता ही योजनाओं की सफलता का आधार: विजय चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
जनता के द्वार सरकार, जन सहभागिता ही योजनाओं की सफलता का आधार: विजय चौधरी


पटना, 19 मई (हि.स.)।

सबका सम्मान-जीवन आसान के संकल्प को धरातल पर उतारने एवं जन-आकांक्षाओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए 19 मई से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सभी जिलों में पंचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आज इसी क्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री -सह- प्रभारी मंत्री, पटना जिला विजय कुमार चौधरी ने दानापुर प्रखंड के सरारी पंचायत, नौबतपुर प्रखंड के चिरौरा पंचायत एवं पुनपुन प्रखंड के कल्याणपुर पंचायत पहुंचे।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री चौधरी ने उपस्थित जन-समूह को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की घोषणा के अनुरूप आज बिहार के सभी जिले में पंचायतवार 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में पटना जिला के सभी 23 प्रखंडों के 41 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया है।

विजय चौधरी ने कहा कि इन शिविरों में हजारों की संख्या में आम लोग भाग ले रहे हैं तथा सरकार की सैकड़ों लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से लोगों के जीवन-स्तर में आए सकारात्मक परिवर्तन एवं सामाजिक, शैक्षणिक तथा आर्थिक सशक्तिकरण पर प्रसन्नता व्यक्त कर रहे हैं। मुझे गर्व है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्पष्ट रूप से न सिर्फ किसी बात को कहते हैं बल्कि उसे करते हैं।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने शिविर स्थलों पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनोपयोगी काउन्टर का निरीक्षण किया तथा लोगों से फीडबैक भी लिया। प्रभारी मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, बासगीत पर्चा, यूनिक डिसएबिलिटि कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, राशन कार्ड, बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना, बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण योजना के अंतर्गत श्रम कार्ड सहित सरकार की जनहित की विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को राशि के समतुल्य सांकेतिक चेक, स्वीकृति पत्र आदि प्रदान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story