पंचायतों में एक दिसंबर को लगेगा सहयोग शिविर, डीएम नवीन कुमार ने अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
पंचायतों में एक दिसंबर को लगेगा सहयोग शिविर, डीएम नवीन कुमार ने अधिकारियों को दिए निर्देश


किशनगंज, 27 नवंबर (हि.स.)। जिले में आम लोगों की समस्याओं एवं जन शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में आगामी एक दिसंबर 2026 को जिले की निर्धारित पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित होगा। इस संबंध में शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश पर आयोजित होने वाले इन शिविरों का उद्देश्य आम लोगों को अपनी शिकायतें एवं आवेदन आसानी से जमा कराने तथा उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना है। यदि निर्धारित मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश रहता है तो शिविर अगले कार्यदिवस को आयोजित किया जाएगा। सभी पंचायतों एवं नगर निकायों के सभी वार्डों को एक बार कवर करने के बाद इसी क्रम में दोबारा शिविर आयोजित किए जाएंगे। डीएम ने निर्देश दिया है कि शिविर स्थलों पर आम लोगों के बैठने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। इसके लिए प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने स्तर से कोषांग गठित कर प्रतिदिन आवेदन प्राप्त करने और उनका पंजी में संधारण कराने को कहा गया है। शिविर के लिए 30 दिन पूर्व से ही आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था रहेगी। प्राप्त शिकायतों का संबंधित अधिनियमों एवं योजनाओं के निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन करना होगा। आवेदकों को शिविर में ही कार्रवाई की लिखित सूचना भी दी जाएगी। सभी आवेदनों एवं शिकायतों का पंजीकरण करते हुए शिविर संवाद समाधान पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, अपर समाहर्ता (राजस्व), एसडीएम, भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं अंचल अधिकारी अपने न्यायालयों में लंबित और निष्पादित मामलों की सूची शिविर स्थल पर प्रदर्शित करेंगे। संबंधित पंचायतों के राजस्व मामलों का शिविर से पहले नियमानुसार निष्पादन करने को भी कहा गया है।

शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी। शिविर समाप्त होने के बाद अध्यक्षता करने वाले पदाधिकारी को निष्पादन संबंधी प्रतिवेदन डीएम को सौंपना होगा। लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। इधर, डीएम नवीन कुमार कोचाधामन प्रखंड की कैरीबीरपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर की अध्यक्षता करेंगे। इसके लिए बीडीओ को सभी तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया है। शिविरों के दौरान आवश्यकतानुसार पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story