पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ समाधान

WhatsApp Channel Join Now
पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ समाधान


बक्सर, 01 सितंबर (हि.स.)। जिले के राजपुर प्रखंड की खरहना एवं बक्सर प्रखंड की अर्जुनपुर पंचायत में मंगलवार को आयोजित ‘सहयोग शिविर’ का अनुश्रवण किया गया। उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की उपस्थिति में अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने शिविर का जायजा लिया।

शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी।

इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं जरूरतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

अपर समाहर्ता ने शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनमें संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका निष्पादन करे।

शिविर में ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं कल्याण सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और लाभुकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के सामने रखे।

अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच आसान बनाने में महत्वपूर्ण हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story