सहयोग शिविर में बक्सर डीएम-एसपी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, 30 दिनों में समाधान के निर्देश
बक्सर, 21 जुलाई (हि.स.)।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले में आयोजित सहयोग शिविर के तहत मंगलवार को नवानगर प्रखंड की परमानपुर पंचायत में जिला पदाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने शिविर का शुभारंभ किया। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करना है। उन्होंने राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड, भूमि विवाद, चापाकल, नल-जल, बिजली तथा कृषि फार्मर आईडी से जुड़े आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने का निर्देश दिया।
डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को सहयोग पोर्टल पर दर्ज कर आवेदकों को प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराई जाए तथा 30 दिनों के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही समाधान की सूचना समय पर संबंधित आवेदकों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए गए। अंत में डीएम ने जिले के लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने प्रखंडों में आयोजित सहयोग शिविरों में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राप्त करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

