तीन दिवसीय श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव आज से शुरू, महिषी में जुटेंगे दिग्गज
सहरसा, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल महिषी में तीन दिवसीय श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ 19 नवंबर गुरुवार से होगा। पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन सहरसा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव 19, 20 एवं 21 नवंबर तक राजकमल क्रीड़ा मैदान में चलेगा। महोत्सव का उद्घाटन 19 नवंबर को दोपहर दो बजे बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे।
उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी एवं रत्नेश सादा सहित सांसद, विधायक, विधान पार्षद तथा कोसी प्रमंडल के आयुक्त दिनेश कुमार, डीआईजी कुमार आशीष, डीएम दीपेश कुमार एवं एसपी विक्रम सिहाग सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
महोत्सव के पहले दिन वेद मंत्रोच्चारण, दीप प्रज्ज्वलन, स्वागत नृत्य, स्मारिका विमोचन एवं अतिथियों के संबोधन के साथ स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
20 नवंबर को स्थानीय कलाकारों के अलावा हास्य कलाकार सुनील पाल तथा बॉलीवुड पार्श्व गायिका सपना अवस्थी अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं, 21 नवंबर को पूर्व आईपीएस अधिकारी आलोक राज एवं इंडियन आइडल की गायिका सयाली कांबले सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।
महोत्सव के अवसर पर 20 एवं 21 नवंबर को मंडन मिश्र धाम, महिषी में 'श्री उग्रतारा, भारती मंडन व मिथिला संस्कृति' विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का भी आयोजन होगा। इसमें देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्वान एवं शोधार्थी भाग लेंगे। संगोष्ठी का समय सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है।
महोत्सव के माध्यम से महिषी की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

