सातवें वेतनमान की मांग को लेकर सहरसा में शिक्षकों का कैंडल मार्च

WhatsApp Channel Join Now
सातवें वेतनमान की मांग को लेकर सहरसा में शिक्षकों का कैंडल मार्च


सातवें वेतनमान की मांग को लेकर सहरसा में शिक्षकों का कैंडल मार्च


सहरसा, 29 नवंबर (हि.स.)।

बिहार के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत सभी कोटि के शिक्षकों को सातवें वेतनमान का लाभ देने की मांग को लेकर रविवार शाम बिहार विद्यालय अध्यापक महासंघ, सहरसा के तत्वावधान में कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च वीर कुंवर सिंह चौक से शुरू होकर समाहरणालय गेट होते हुए सहरसा स्टेडियम तक निकाला गया।

महासंघ ने बताया कि इस लंबित मांग को लेकर पूर्व में शिक्षा मंत्री तथा पटना के गर्दनीबाग में आंदोलन कर विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है।

सहरसा जिलाध्यक्ष डॉ. विकास कुमार ने कहा कि शिक्षक राज्य की शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में शिक्षकों की अहम भूमिका के बावजूद कार्य व जिम्मेदारी के अनुरूप वेतनमान और सेवा-सुविधाएं नहीं मिलना चिंताजनक है। उन्होंने सातवें वेतनमान का लाभ शीघ्र लागू करने और समान कार्य के लिए सम्मानजनक वेतन व्यवस्था की मांग की।

डॉ. कुमार ने कहा कि शिक्षक केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के भविष्य का निर्माण करते हैं। विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास के लिए शिक्षकों की आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि सेवा-शर्तों और आर्थिक अधिकारों को सुनिश्चित करके होना चाहिए।

महासंघ ने शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने तथा विभागीय कार्रवाई तेज करने की उम्मीद जताई। साथ ही शिक्षकों से एकजुट होकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story