नशामुक्त बिहार अभियान: सहरसा पुलिस की एक माह में बड़ी कार्रवाई, 73 तस्कर गिरफ्तार
सहरसा, 26 नवंबर (हि.स.)। ‘नशामुक्त बिहार अभियान’ के तहत सहरसा पुलिस ने बीते एक महीने में नशा कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग के निर्देश पर 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक जिले के सभी थाना क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध विशेष छापेमारी और व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान मद्यनिषेध और सूखे नशे के खिलाफ कुल 85 मामले दर्ज किए गए और 73 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पुलिस द्वारा गुरुवार को जारी प्रेस बयान के अनुसार एक माह के इस विशेष अभियान के दौरान तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब और मादक पदार्थ जब्त किए गए। छापेमारी में पुलिस ने 1,300 लीटर देशी शराब और 2,783.445 लीटर विदेशी शराब बरामद की। वहीं, सूखे नशे के विरुद्ध कार्रवाई में 1,377.8 लीटर प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप, 63.171 किलोग्राम गांजा और 172.36 ग्राम स्मैक जब्त करने में सफलता मिली।
40 हजार लोगों को दिलाया गया नशामुक्ति का संदेश
केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि समाज को नशे की लत से मुक्त करने के लिए पुलिस ने जन-जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया। एक माह की इस अवधि में जिले के अलग-अलग स्थानों पर कुल 497 जागरूकता कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की गईं। इन आयोजनों के माध्यम से लगभग 40,000 आम नागरिकों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
सहरसा पुलिस ने बताया कि “आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प” के ध्येय के साथ नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जन-जागरूकता का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

