शहीद जयप्रकाश यादव भवन का 20 नवंबर को होगा उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
शहीद जयप्रकाश यादव भवन का 20 नवंबर को होगा उद्घाटन


शहीद जयप्रकाश यादव भवन का 20 नवंबर को होगा उद्घाटन


सहरसा, 14 नवंबर (हि.स.)।

कोसी क्षेत्र में वामपंथी आंदोलन के प्रमुख स्तंभ रहे शहीद जयप्रकाश यादव की स्मृति में निर्मित शहीद जयप्रकाश भवन का उद्घाटन 20 नवंबर को होगा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला परिषद, सहरसा की ओर से आयोजित उद्घाटन समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड डी राजा मुख्य उद्घाटनकर्ता के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम दिन के 11 बजे से आयोजित होगा।

शहीद जयप्रकाश यादव कोसी क्षेत्र में वामपंथी विचारधारा के एक बड़े और प्रभावशाली नेता थे। 7 अप्रैल 1995 को बिहार के घोसी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के दौरान एक साजिश के तहत उनकी हत्या कर दी गई थी। उनकी शहादत ने वामपंथी आंदोलन को गहरा आघात पहुंचाया था। उनके विचारों, संघर्ष और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सहरसा में उनके नाम पर इस भवन का निर्माण कराया गया है।

पार्टी की ओर से जारी प्रेस बयान के अनुसार उद्घाटन समारोह में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव कॉमरेड राम नरेश पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी, जबकि राज्य परिषद सदस्य कॉमरेड ओम प्रकाश नारायण कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर शहीद जयप्रकाश यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता, वामपंथी विचारधारा से जुड़े लोग एवं जनवादी संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

पार्टी के जिला सचिव कॉमरेड परमानंद ठाकुर ने आम लोगों एवं पार्टी समर्थकों से समारोह में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776780 Articles

Share this story