वीर शहीद प्रधान टुडू की 36वीं शहादत बरसी पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
वीर शहीद प्रधान टुडू की 36वीं शहादत बरसी पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित


वीर शहीद प्रधान टुडू की 36वीं शहादत बरसी पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित


सहरसा, 17 नवंबर (हि.स.)।

जिला के सोनवर्षाराज प्रखंड क्षेत्र के बैठमुसहरी पंचायत अंतर्गत छर्रापट्टी संथाली गांव में मंगलवार को वीर शहीद प्रधान टुडू की 36वीं शहादत बरसी श्रद्धापूर्वक मनाई गई। आदिवासी मूल एकता संगठन, कोसी क्षेत्र सहरसा के तत्वावधान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में संताल समाज के लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके संघर्षपूर्ण जीवन, त्याग एवं बलिदान को याद किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके बताए रास्ते पर चलने तथा उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रधान टुडू का जन्म वर्ष 1928 में छर्रापट्टी संथाली गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम भयोराम टुडू था। वे स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय रहे और बाद में जेपी आंदोलन में भी अग्रिम पंक्ति में रहकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने जमींदारी प्रथा और पूंजीवादी शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए गरीबों, वंचितों और मजदूरों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया।

वक्ताओं ने बताया कि उनके संघर्ष और जनहित में किए गए कार्यों से नाराज कुछ सामंतवादी एवं जमींदारों ने 17 नवंबर 1990 को उनकी हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा कि प्रधान टुडू का जीवन अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष की मिसाल है। उनका त्याग, साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

मौके पर संगठन के अध्यक्ष रूपेश हांसदा, कन्हैया लाल मुर्मू, सचिव बिजेंद्र हांसदा, कोषाध्यक्ष संजय हुड्डू, अजय पुर्नु, बाबूलाल हांसदा, दिनेश हुड्डू, संजय पुयु, मनोज हुड्डू एवं संजय सोरेन सहित संताल समाज के अनेक लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story