सहरसा के नदी विशेषज्ञ ओम प्रकाश भारती संयुक्त राष्ट्र वाटर कॉन्फ्रेंस में होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
सहरसा के नदी विशेषज्ञ ओम प्रकाश भारती संयुक्त राष्ट्र वाटर कॉन्फ्रेंस में होंगे शामिल


सहरसा, 20 नवंबर (हि.स.)।

सहरसा जिले के मानखाही गांव निवासी नदी विशेषज्ञ एवं पर्यावरणविद् प्रो. ओम प्रकाश भारती को संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की ओर से 8 से 12 दिसंबर तक अबुधाबी में आयोजित होने वाले वाटर कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। नदी संरक्षण के क्षेत्र में उनके लंबे समय से किए जा रहे कार्यों को इस आमंत्रण से अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।

'नदी मित्र' के नाम से प्रसिद्ध प्रो. भारती नदी मित्र संगठन के संस्थापक अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संयोजक हैं। वे नदियों को केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि संस्कृति, इतिहास और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा मानते हैं। देश के विभिन्न राज्यों में नदी संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से नदी संरक्षण और छोटी नदियों के पुनर्जीवन को लेकर जनजागरण कर रहे हैं।

कोसी नदी पर आधारित उनकी चर्चित पुस्तक 'नदियां गाती हैं' के कई हिंदी संस्करण प्रकाशित हो चुके हैं तथा इसका अंग्रेजी, बांग्ला, असमिया और नेपाली भाषाओं में अनुवाद भी हुआ है। नदियों की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए वे नदी विश्वकोश निर्माण की दिशा में भी कार्यरत हैं। वर्ष 2016 में उन्होंने गंगोत्री से गंगासागर तक गंगा संस्कृति यात्रा की परिकल्पना और आयोजन किया था।

वर्ष 2023 में उन्हें बिलासपुर के बिलासा कला मंच की ओर से 'नदी मित्र' सम्मान प्रदान किया गया। उनका मानना है कि छोटी नदियों का संरक्षण बड़ी नदियों के अस्तित्व के लिए जरूरी है। उनके अनुसार, नदी बचाना केवल पानी बचाना नहीं, बल्कि समाज की संस्कृति, स्मृतियों और सभ्यता के भविष्य को सुरक्षित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780238 Articles

Share this story