पूर्व सांसद ने कहा साजिश का शिकार हुआ हूं, 12.5 मिनट में 67 किमी का सफर कैसे संभव?’

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व सांसद ने कहा साजिश का शिकार हुआ हूं, 12.5 मिनट में 67 किमी का सफर कैसे संभव?’


पूर्व सांसद ने कहा साजिश का शिकार हुआ हूं, 12.5 मिनट में 67 किमी का सफर कैसे संभव?’


सहरसा, 27 नवंबर (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट द्वारा रिहाई रद्द किए जाने के आदेश के बाद पूर्व सांसद आनंद मोहन अपने पैतृक गांव सहरसा जिले के पचगछिया पहुंचे। ग्रामीणों और समर्थकों के साथ बैठक कर उन्होंने ताजा हालात पर चर्चा की और मीडिया से मुखातिब होकर पूरे मामले पर बिंदुवार अपना पक्ष रखा।

आनंद मोहन ने कहा कि वे सर्वोच्च अदालत के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करते हैं, लेकिन शुरू से ही उनके पक्ष को नजरअंदाज किया गया और वे एक सोची-समझी साजिश के शिकार हुए हैं।

प्रेस वार्ता में आनंद मोहन ने कहा कि पचगछिया की परंपरा में जात-पात या धर्म का भेद नहीं है। उन्होंने कहा, “आजादी के आठ दशक बाद भी अन्याय के खिलाफ खड़ा होना और सच को सच कहना अगर गुनाह है, तो आनंद मोहन गुनाहगार है। सच कहना अगर बगावत है, तो समझो हम भी बगावत हैं।” उन्होंने कहा कि फांसी हो या जेल में ही अंतिम सांस बीते, उन्हें परवाह नहीं, लेकिन लोगों तक सच्चाई पहुंचनी चाहिए।

आनंद मोहन ने बताया कि वे गांव से आशीर्वाद लेने आए थे और इसके बाद पटना जाएंगे, जहां चेतन आनंद ने बैठक बुलाई है, जिसमें आगे की रणनीति तय होगी।

सरेंडर को लेकर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने एक महीने का समय दिया है, लेकिन राज्य सरकार के लिए कोई समय-सीमा तय नहीं है कि इस नियम के तहत छूटे बाकी कैदियों पर सरकार कब फैसला लेगी। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वह सच्चाई जनता के सामने रखे।

पूर्व सांसद ने पुलिस की समय-सारणी पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर की प्राथमिकी में घटना का समय दोपहर 3:15 बजे और हाजीपुर में गिरफ्तारी का समय 3:28:30 बजे दर्ज है। महज 12.5 मिनट में 67 किलोमीटर की दूरी तय करना असंभव है। उन्होंने कहा कि मामले में न कोई ऑडियो-वीडियो है और न ही स्वतंत्र गवाह, जबकि 16 पब्लिक गवाहों में से प्रत्यक्षदर्शी पेश नहीं किए गए और कई गवाह मुकर गए।

उन्होंने गोली चलने के समय, इलाज की अवधि, ‘बेडहेड टिकट’ की जांच और 36 में से 29 लोगों के बरी होने का हवाला देते हुए केवल भाषण के आधार पर दोषी ठहराए जाने पर सवाल उठाया।

वर्ष 2023 के जेल मैनुअल संशोधन पर उन्होंने कहा कि वे सवा 16 साल की सजा काटकर बाहर आए थे और इस बदलाव से करीब 3,500 कैदियों को लाभ मिला, जिनमें वे 11वें स्थान पर थे। ऐसे में केवल एक व्यक्ति की रिहाई रद्द करना उन्होंने अनुचित बताया।

उन्होंने कहा कि घटना पूर्व-नियोजित नहीं थी।

भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि 90 के दशक की तरह आज भी उनकी लोकप्रियता और 70 साल की उम्र में उनके स्वस्थ होने से विरोधियों को परेशानी हुई। अंत में उन्होंने कहा कि वे संविधान के तीनों अंगों का सम्मान करते हैं और कानूनी विकल्पों के साथ-साथ फैसले के कानूनी पहलुओं को जनता के सामने रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story