सहरसा में 38 छठ घाटों को प्रशासन ने किया खतरनाक घोषित, श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
सहरसा में 38 छठ घाटों को प्रशासन ने किया खतरनाक घोषित, श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने की अपील


सहरसा, 13 नवंबर (हि.स.)।

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने सहरसा जिले के विभिन्न प्रखंडों में 38 छठ घाटों को खतरनाक घोषित किया है।

इन घाटों पर अर्घ्य देने और स्नान करने के दौरान श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि श्रद्धालु पानी में लगाए गए बैरिकेडिंग और खतरे के निशान को किसी भी परिस्थिति में पार न करें तथा गहरे पानी में प्रवेश करने से बचें।

प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार महिषी थाना क्षेत्र के महपुरा, सरौनी, मैना महादलित एवं बल्लीपुर घाट, सौरबाजार के सुखड़ पडेजी, शीतलपट्टी, बेलदारी, भेलवा जिवछपुर, गौर, तीन मुहानी एवं दाहु भरना घाट को खतरनाक बताया गया है। वहीं कनरिया के बेलवड़ा घाट, बसनही के सोन, बिजलियां, झिटकिया पुल एवं तहुआ मुसहरी घाट भी इस सूची में शामिल हैं।

इसी प्रकार सोनवर्षाराज के जम्हरा, लगमा, दुनरा, पदमपुर, मोहनपुर, मैनापुल, मनौरी पुल एवं सोहा घाट, सलखुआ के सलखुआ, सितुआहा, बहुअरवा, गोसपुर एवं मुबारकपुर घाट तथा पतरघट के शीतलपट्टी नदी, विशनपुर नदी, कहुआ बजरंगी कुटी पोखर एवं पीपरा नदी घाट को संवेदनशील घोषित किया गया है। बनमा ईटहरी के बहुअरवा पूर्वी एवं पश्चिमी घाट, सुगमा पुल, परसाहा, अकराहा धार (मुँडीचक) और गोड़यारी धार (अफजलपुर) को भी खतरनाक घाटों की सूची में रखा गया है।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से बच्चों और बुजुर्गों को गहरे पानी से दूर रखने तथा घाटों पर उन पर विशेष निगरानी रखने की अपील की है। आपातकालीन स्थिति में घाट पर तैनात अधिकारियों, एसडीआरएफ की टीम या स्वयंसेवकों को तत्काल सूचना देने को कहा गया है।

प्रशासन ने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी लोग सावधानी और सतर्कता के साथ छठ महापर्व मनाएं। किसी भी आपात स्थिति में आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 06478-222753 अथवा 93041-44908 पर संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story