तिलाबे नदी में स्नान के दौरान 8 वर्षीय बालक डूबा, एसडीआरएफ टीम बुलाई गई; गांव में पसरा मातमी सन्नाटा

WhatsApp Channel Join Now
तिलाबे नदी में स्नान के दौरान 8 वर्षीय बालक डूबा, एसडीआरएफ टीम बुलाई गई; गांव में पसरा मातमी सन्नाटा


सहरसा, 24 नवंबर (हि.स.)।

जिला के सोनवर्षा राज अंचल क्षेत्र के शाहमौरा गांव स्थित चबियारी टोला के समीप बहने वाली तिलाबे नदी में मंगलवार दोपहर स्नान करने के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक आठ वर्षीय बालक लापता हो गया। घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और नदी किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस हादसे से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।

पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबा अंकुश, नाव व गोताखोरों से तलाश जारी

मिली जानकारी के अनुसार, शाहमौरा के चबियारी टोला निवासी दिव्यांग मनीष मुखिया का आठ वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार मंगलवार दोपहर अपनी चाची रूपा देवी के साथ घर के पीछे स्थित तिलाबे नदी में स्नान करने गया था। बताया जाता है कि चाची नदी किनारे कपड़े धोने में व्यस्त थीं और अंकुश स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

कुछ देर बाद बच्चे को न देख चाची ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग जुट गए। स्थानीय लोगों द्वारा नाव और गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश शुरू की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था।

प्रशासन व पुलिस मौके पर पहुंचे, एसडीआरएफ टीम को दी गई सूचना

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व पदाधिकारी सैयद बादशाह और अपर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सोनवर्षा राज थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि लापता बालक की खोज के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया गया है। नदी तट पर लोगों की भीड़ जमा है और प्रशासन की निगरानी में तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

मां-दादी का रो-रोकर बुरा हाल, समाजसेवियों ने बंधाया ढाढस

तिलाबे नदी में बालक के डूबने की खबर से घर-परिवार में चीख-पुकार मच गई। लापता बालक की मां पूजा देवी और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है तथा दोनों बार-बार बेहोश हो जा रही थीं, जिन्हें गांव की अन्य महिलाएं संभालने और शांत कराने में जुटी रहीं। विलाप के दौरान मां बार-बार यह कहकर बिलखती रही कि “अब केकरा लय के रहबै, विकलांग बाप के सहारा छीन ललहो हो भगवान, आ विकलांग के विकलांग बना दलहो।”

परिजनों के करुण विलाप से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी अनिल कुमार सिंह, बबलू मुखिया समेत कई अन्य ग्रामीणों ने घटनास्थल व पीड़ित परिवार के पास पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782335 Articles

Share this story