सहरसा पुलिस ने 25 लाख का गांजा किया बरामद, दो गिरफ्तार; एसपी बोले- अंतरराज्यीय नेटवर्क की हो रही जांच

WhatsApp Channel Join Now
सहरसा पुलिस ने 25 लाख का गांजा किया बरामद, दो गिरफ्तार; एसपी बोले- अंतरराज्यीय नेटवर्क की हो रही जांच


सहरसा, 26 नवंबर(हि.स.) सहरसा पुलिस ने 24.57 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गुरुवार को इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) विक्रम सिहाग ने बताया कि शुरुआती जांच में तस्करी के तार झारखंड, पश्चिम बंगाल और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों से जुड़ते दिख रहे हैं।

एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि सोनवर्षाराज थाना पुलिस को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति विराटपुर से सोनवर्षाराज होते हुए खगड़िया की दिशा में गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और सत्यापन के उपरांत त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। इसके तहत एनएच-107 पर ब्लॉक मोड़ के पास सघन वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान राजवाड़ा की ओर से पल्सर बाइक पर सवार दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस बल को देखकर दोनों ने बाइक की गति बढ़ा दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे फिसल गई। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया और तलाशी ली। बाइक पर रखे बैग से गांजे के 10 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 24.57 किलोग्राम पाया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खगड़िया जिले के मरैया थाना क्षेत्र निवासी राहुल कुमार और अररिया जिले निवासी निर्मल कुमार के रूप में हुई है।

अंतरराज्यीय नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क की छानबीन की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर गांजे की खेप झारखंड, पश्चिम बंगाल और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों से सहरसा पहुंचने की बात सामने आई है।

उन्होंने कहा कि दक्षिण बिहार तथा झारखंड-छत्तीसगढ़ रूट से जुड़े संभावित नेटवर्क की पड़ताल के लिए संबंधित राज्यों के पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस इस अवैध कारोबार के स्रोत से लेकर सप्लायरों और खरीदारों तक पहुंचने के लिए हर बिंदु पर जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story