छठी मैया के गीतों से भक्तिमय हुआ सात पोखरी का पूर्वी तट, भास्कर महोत्सव में बिखरी लोक संस्कृति की छटा
सहरसा, 15 नवंबर (हि.स) लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा सहरसा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सात पोखरी के पूर्वी तट पर आयोजित दो दिवसीय भास्कर महोत्सव के प्रथम दिन रविवार को सांध्यकालीन कार्यक्रम में आस्था और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।
छठ की पारंपरिक आस्था, लोक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।
महोत्सव का विधिवत शुभारंभ डीआइजी कुमार आशीष, जिलाधिकारी दीपेश कुमार, नगर निगम की मेयर बैनप्रिया एवं पूर्व मंत्री आलोक रंजन सहित अन्य अतिथियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने छठ महापर्व की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में बनारस, भागलपुर सहित विभिन्न स्थानों से आए कलाकारों एवं स्थानीय कलाकारों ने छठ के पारंपरिक गीतों और लोक संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। महोत्सव का विशेष आकर्षण कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा की गायकी रही। उन्होंने अपनी सुमधुर आवाज में छठी मैया के गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं और दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
भास्कर महोत्सव के माध्यम से छठ की लोक परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोक संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया।
----
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

