भारतीय मजदूर संघ की दो दिवसीय प्रांतीय कार्यसमिति बैठक संपन्न, 26 से 28 मार्च तक पूर्णिया में होगा प्रदेश अधिवेशन

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय मजदूर संघ की दो दिवसीय प्रांतीय कार्यसमिति बैठक संपन्न, 26 से 28 मार्च तक पूर्णिया में होगा प्रदेश अधिवेशन


सहरसा, 22 नवंबर (हि.स.)।

‘देश के हित में करेंगे काम, व काम के लेंगे पूरे दाम’, ‘बीएमएस की क्या पहचान, त्याग तपस्या और बलिदान’ और ‘भारत माता की जय’ जैसे राष्ट्रवादी नारों के साथ कहलगांव (भागलपुर) स्थित एनटीपीसी प्रांगण के अलकनंदा भवन में रविवार को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की दो दिवसीय प्रांतीय कार्यसमिति बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष राजेश कुमार लाल प्रसाद ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री मनीष कुमार ने किया। इससे पूर्व अखिल भारतीय मंत्री संजय कुमार सिन्हा एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर बैठक का विधिवत शुभारंभ किया।

श्रमिक हित और संगठन मजबूती पर हुआ मंथन

उद्घाटन सत्र में मौजूद स्थानीय विधायक शुभानन्द मुकेश ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ एक सशक्त श्रमिक संगठन है, जिसका उद्देश्य राष्ट्र हित, उद्योग हित और श्रमिक हित को साधना है। वहीं, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि अपनों से मिलकर उन्हें असीम सुखद अनुभूति हो रही है; वे स्वयं बीएमएस के सदस्य और प्रदेश मंत्री के दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं। बैठक के पहले दिन संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं व अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास तेज करने का संकल्प लिया गया।

26 से 28 मार्च 2027 को पूर्णिया में प्रदेश अधिवेशन

कार्यसमिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि भारतीय मजदूर संघ का प्रदेश अधिवेशन आगामी 26, 27 और 28 मार्च 2027 को पूर्णिया में आयोजित किया जाएगा।

इनकी रही मौजूदगी

इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष रामबाबू सिंह, प्रांतीय मंत्री शंभू कुमार चौबे व सिम्पी कुमारी, वित्त सचिव मुकेश कुमार सिन्हा, अखिल भारतीय कंस्ट्रक्शन मजदूर महासंघ के संगठन मंत्री मुरारी प्रसाद, सुनील कुमार, चितरंजन पाण्डेय, अंजनी कुमार, अनुज कुमार सिंह, अंटू पाण्डेय, सुधीर पटेल सहित विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि मौजूद थे। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय ताप विद्युत श्रमिक संघ की कहलगांव इकाई के अध्यक्ष मनोज आर्या, महामंत्री शम्भू कुमार पाण्डेय, उप महामंत्री अखिलेश कुमार सिंह व पारस कुमार, उपाध्यक्ष अभय कुमार साह, प्रशांत कुमार व राजकुमार सिंह, कोषाध्यक्ष मुनीलाल सिंह तथा रतन कुमार शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story