एनएच-327ई पर नाला, डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट नहीं रहने से ग्रामीणों में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
एनएच-327ई पर नाला, डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट नहीं रहने से ग्रामीणों में आक्रोश


सहरसा, 21 नवंबर (हि.स.)। भारत माला परियोजना के तहत एनएच-327ई सड़क निर्माण में कथित अनियमितता और बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। सहरसा जिले के ग्राम पंचायत पुरीख ,प्रखंड सत्तरकटैया अंतर्गत ओवरब्रिज के दक्षिणी छोर से करीब 1500 से 2000 मीटर तक सड़क किनारे नाला, डिवाइडर एवं स्ट्रीट लाइट का निर्माण नहीं होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस संबंध में ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी को सामूहिक आवेदन देकर समस्या के समाधान की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि सड़क के किनारे नाला नहीं रहने के कारण बारिश का पानी आसपास के घरों में प्रवेश कर जाता है। इससे घनी आबादी वाले इलाके के लोगों को काफी परेशानी होती है। वहीं, सड़क पर डिवाइडर एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं रहने से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का दावा है कि अब तक इन दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है।

आवेदन में यह भी बताया गया है कि परियोजना के तहत अन्य स्थानों पर आधा से एक किलोमीटर तक नाला, डिवाइडर और लाइट की व्यवस्था की गई है, लेकिन घनी आबादी और दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के बावजूद इस स्थान की अनदेखी की गई है।

ग्रामीणों ने डीएम से स्थल की विभागीय जांच कराकर संबंधित निर्माण एजेंसी को नाला, डिवाइडर एवं स्ट्रीट लाइट निर्माण का निर्देश देने की मांग की है।

ग्रामीणों एवं पुरीख पंचायत के पूर्व मुखिया जयशंकर सिंह उर्फ पप्पू का कहना है कि समय रहते आवश्यक निर्माण कार्य नहीं कराया गया तो जलजमाव और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या बनी रहेगी। आवेदन पर तीन दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने हस्ताक्षर एवं निशान कर कार्रवाई की मांग की है।आवेदन देने वालों में ग्रामीणों छोटकू साहनी, सुमित्रा देवी, जया कृष्ण कुमार, जितेंद्र कुमार, महेश मुखिया, मुकेश मुखिया, मिथुन कुमार, सोनू कुमार मुखिया, उपेंद्र मुखिया, शेखर कुमार, शिकरांती देवी, मनोज कुमार, संजय कुमार, सुरेन मुखिया, राजू मुखिया, हीरा देवी, अनिल मुखिया, रेखा देवी, विकास कुमार, रोहित मुखिया, सोनी देवी, आशा देवी, लखो देवी सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780769 Articles

Share this story