सहरसा के बरियाही पंचायत में लगा सहयोग शिविर, डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं
सहरसा, 17 नवंबर (हि.स.)।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सम्राट सरकार की पहल पर मंगलवार को सदर प्रखंड कहरा की बरियाही पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत भवन बरियाही में आयोजित इस शिविर में जिलाधिकारी दीपेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और आम लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की पहल की।
गौरतलब है कि राज्य सरकार की ओर से 19 मई 2026 से प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे मंगलवार को सभी पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और आवेदनों का निष्पादन किया गया। इस दौरान कई लाभुकों को निवास, जाति, आय एवं मृत्यु प्रमाण पत्र भी निर्गत किए गए।
शिविर में जिलाधिकारी दीपेश कुमार, सदर एसडीओ श्रेयांश तिवारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी कहरा, अंचलाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पंचायत की मुखिया संगीता कुमारी ने जिलाधिकारी सहित सभी पदाधिकारियों को पाग एवं अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि पंचायत से लेकर प्रखंड एवं जिला स्तर तक सहयोग शिविर के माध्यम से आम जनता अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग पोर्टल पर आवेदन कर सकती है। इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाना और उनकी समस्याओं का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करना है।
वहीं मुखिया संगीता कुमारी ने जिलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए पंचायतवासियों से सहयोग शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आम लोग अपनी समस्याओं को लेकर शिविर में आवेदन करें, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान कराया जा सके।
शिविर में जिला 20 सूत्री सदस्य गणेश कुमार गौरव पान, पंचायत सचिव अमर राज, पैक्स अध्यक्ष मनोज यादव, उपमुखिया प्रतिनिधि गुड्डू साह, वार्ड सदस्य देवेंद्र ताती, प्रमोद यादव, संतोष यादव, भवेश राम, दिनेश यादव, स्वच्छता पर्यवेक्षक आलोक राज, कार्यपालक सहायक रुचि कुमारी एवं अशोक तांती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आम नागरिक उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

