सहरसा में 100 दिवसीय 'बाल विवाह मुक्त' अभियान का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
सहरसा में 100 दिवसीय 'बाल विवाह मुक्त' अभियान का शुभारंभ


सहरसा, 27 नवंबर (हि.स.)। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में व्यापक जनजागरूकता और रोकथाम के लिए शुक्रवार को 100 दिवसीय 'बाल विवाह मुक्त सहरसा' अभियान की शुरुआत की गई। जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन और महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएम दीपेश कुमार ने की और संचालन बाल अधिकार पर काम करने वाले घूरन महतो ने किया।

कार्यक्रम में साझा किए गए राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 के आंकड़ों के अनुसार, सहरसा में 20–24 वर्ष की 57.1 प्रतिशत महिलाओं का विवाह 18 वर्ष से कम उम्र में हुआ है, जो बिहार (34.6%) और राष्ट्रीय औसत (20.1%) से काफी अधिक है। डीएम ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है, जिसे समाप्त करने के लिए समाज की सोच में बदलाव जरूरी है।

उन्होंने पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, आईसीडीएस, जीविका, पंचायती राज और अन्य विभागों को पंचायत व समुदाय स्तर तक टास्क फोर्स सक्रिय कर समन्वित व त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मीडिया से संवेदनशीलता के साथ जनजागरूकता फैलाने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों ने बाल विवाह रोकने की शपथ ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story