सतपोखरिया पोखर के प्राचीन बजरंगबली स्थल पर पुनः ध्वज स्थापित

WhatsApp Channel Join Now
सतपोखरिया पोखर के प्राचीन बजरंगबली स्थल पर पुनः ध्वज स्थापित


सहरसा, 25 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम क्षेत्र के व्यवहार न्यायालय क्षेत्र के समक्ष मत्स्य विभाग सतपोखरिया पोखर स्थित प्राचीन बजरंगबली स्थल पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं, संत-महात्माओं तथा स्थानीय श्रद्धालुओं की मौजूदगी में पुनः बजरंगबली का पवित्र ध्वज स्थापित किया गया। पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान यहां से ध्वज एवं प्रतिमा को हटाया गया था।

बुधवार को पंडित जी द्वारा निर्धारित शुभ मुहूर्त में पूरे विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बजरंगबली का ध्वजारोहण एवं पूजा-अर्चना संपन्न हुई। मंदिर के पुजारी जनार्दन यादव और विहिप जिलाध्यक्ष की उपस्थिति तथा मार्गदर्शन में धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया। इस दौरान संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने बजरंगबली के समक्ष शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष पंपल सिंह, जिला मंत्री प्रणव मिश्रा, बजरंग दल जिला संयोजक मानस मिश्रा, रोहित झा, मोनू सिंह, अमन सागर , विभूति सिंह परमार, शिवम परमार, अनमन झा, जनार्दन यादव, मनीष कुमार, सोनू कुमार, सूरज कुमार, शुभम बाबू, उज्ज्वल सिंह, आकाश कुमार, आकाश कुमार, अमित आर्यन, सनी चौधरी, शशि यादव तथा सृजन बाबू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, संत-महात्मा और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के लिए डीएम सहरसा को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन प्रशासनिक व्यस्तताओं और अन्य आवश्यक कार्यों के चलते वे निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सके।

इस दौरान विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान आवश्यक है। साथ ही स्वच्छता, अतिक्रमणमुक्त व्यवस्था और प्रशासनिक नियमों का पालन करते हुए धार्मिक स्थलों व आस्था के प्रतीकों की गरिमा बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। संत-महात्माओं, पुजारी, श्रद्धालुओं एवं संगठन के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में ध्वज स्थापना और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आयोजन में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story