अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने किया बीएनएमयू कुलपति का पुतला दहन

WhatsApp Channel Join Now
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने किया बीएनएमयू कुलपति का पुतला दहन


सहरसा, 28 नवंबर (हि.स.)। कॉलेज में निर्धारित राशि से अधिक राशि वसूली की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से बंद करें, ऑनलाइन प्रक्रिया निर्धारित समय से शुरू हो एवं पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सहित अन्य मांगों को लेकर शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा बीएनएमयू के कुलपति विमलेंदु शेखर झा का पुतला दहन किया गया।

विद्यार्थियों पर आर्थिक जुल्म बंद करो के नारों कर साथ पूर्व विभाग सह संयोजक जयंत जोशी ने कहा कि पिछले 6 महीनों से विद्यार्थी परिषद लगातार कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन दे रही है। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि कॉलेज प्रशासन पर इसका कोई असर पड़ता दिखाई नहीं दे रही है। जबकि पिछले माह तक ऑफलाइन एडमिशन फॉर्म के नाम पर विद्यार्थियों से 160 रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे थे।

इस अवैध वसूली को बंद कराने के लिए विद्यार्थी परिषद ने दो बार लिखित आवेदन दिया, लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। अंततः परिषद ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव से फोन पर बात की तो वे प्राचार्य से बात करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद फॉर्म के नाम पर पैसे लेना बंद हुआ। लेकिन कॉलेज काउंटर पर एडमिशन के दौरान लिए जा रहे अतिरिक्त पैसों को लेकर परिषद द्वारा दिए गए आवेदनों पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पायी। जब हाल ही में वायरल हुए वीडियो के मामले में भी कॉलेज प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय संबंधित कर्मचारी से वीडियो बनवाकर सफाई दिलवाने का प्रयास किया और कहा कि संबंधित व्यक्ति गांव का ही लड़का था। इसलिए उसने उन्हें पैसे दिए थे। जबकि वास्तविकता यह नहीं है। एक अन्य गंभीर समस्या यह है कि जब विश्वविद्यालय ऑनलाइन भुगतान की तिथि जारी करता है, तब आर.एम. कॉलेज प्रशासन निर्धारित तिथि के दो-तीन दिन बाद अपनी वेबसाइट खोलता है। उदाहरण के तौर पर, यदि ऑनलाइन भुगतान की शुरुआत 25 नवंबर से होनी है, तो कॉलेज की वेबसाइट 27 नवंबर को खोली जाती है। ऐसे में 25 नवंबर से ही कॉलेज पहुंचने वाले विद्यार्थियों को 1200 रुपये की एडमिशन फीस के बदले 1300 रुपये लाने को कहा जाता है और आश्वासन दिया जाता है कि उनका काम कर दिया जाएगा।

अब सवाल यह है कि विद्यार्थी क्या करे? अतिरिक्त पैसे न दे तो उसे दोबारा कॉलेज के चक्कर लगाने पड़ेंगे और तब तक अंतिम तिथि भी नजदीक आ जाएगी। मजबूर होकर छात्र अतिरिक्त पैसे देने को विवश हो जाते हैं। इसे सरकारी संसाधनों का उपयोग करके निजी साइबर कैफे चलाने जैसी व्यवस्था कहना गलत नहीं होगा। आर.एम. कॉलेज में यह सिलसिला लंबे समय से चल रही है, लेकिन कॉलेज प्रशासन को विद्यार्थियों की परेशानियों से कोई फर्क पड़ता नजर नहीं आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story