रेल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : आरपीएफ आईजी परमशिव
किशनगंज, 29 मई (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के महानिरीक्षक परमशिव शुक्रवार को एक दिवसीय आधिकारिक दौरे पर किशनगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर, विभिन्न प्लेटफॉर्मों और रेल संपत्तियों का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। सीमांचल के महत्वपूर्ण और संवेदनशील रेलवे स्टेशन माने जाने वाले किशनगंज स्टेशन पर सुरक्षा मानकों को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान आईजी परमशिव ने स्टेशन के मुख्य प्लेटफॉर्म, आरपीएफ पोस्ट, यात्री प्रवेश एवं निकास द्वारों सहित संवेदनशील स्थलों का बारीकी से जायजा लिया।उन्होंने ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर हर समय सतर्क रहने की हिदायत दी।
महानिरीक्षक ने कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा और उनका भयमुक्त सफर सुनिश्चित करना आरपीएफ की पहली प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से महिला, बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों की सुरक्षा पर अतिरिक्त ध्यान देने का निर्देश दिया।
आईजी ने स्टेशन परिसर, पार्सल घर और प्रतीक्षालयों में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों तथा लावारिस सामानों की सघन जांच करने का आदेश दिया। उन्होंने मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वायड की सहायता से निगरानी बढ़ाने तथा बिना टिकट घूमने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा। इसके अलावा ट्रेनों और रेल परिसर में अवैध सामानों की तस्करी, नशाखुरानी गिरोह और पॉकेटमारों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के बाद आईजी परमशिव ने आरपीएफ और राजकीय रेल पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक भी की। बैठक में रेल अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए दोनों एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और सूचनाओं के आदान-प्रदान पर जोर दिया गया।
उन्होंने आगामी त्योहारों और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए किशनगंज स्टेशन से गुजरने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों में एस्कॉर्ट पार्टी को पूरी तरह अलर्ट रहने तथा प्लेटफॉर्मों पर रैंडम चेकिंग और सघन गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा बलों में सक्रियता देखी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

