सीवान स्टेशन पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, आरपीएफ- जीआरपी की तत्परता से सुरक्षित बची जान

WhatsApp Channel Join Now
सीवान स्टेशन पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, आरपीएफ- जीआरपी की तत्परता से सुरक्षित बची जान


सीवान, 26 अप्रैल (हि.स.)। रेलवे स्टेशन सीवान पर शनिवार की रात एक मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण देखने को मिला, जब प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला की मदद के लिए आरपीएफ- जीआरपी के जवान तुरंत सक्रिय हो गए.

जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 13508 गोरखपुर – आसनसोल एक्सप्रेस से यात्रा कर रही एक महिला के सीवान स्टेशन पहुंचते ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। प्लेटफार्म संख्या-2 पर ट्रेन से उतरने के बाद यात्रियों ने इसकी सूचना ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ- जीआरपी कर्मियों को दी।

सूचना मिलते ही पाली प्रभारी उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह सहित आरपीएफ टीम तथा जीआरपी के उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार भारती और महिला कांस्टेबल मौके पर पहुंचे।

स्टेशन मास्टर कार्यालय से स्ट्रेचर मंगाकर महिला को प्लेटफार्म संख्या-2 से प्लेटफार्म संख्या-1 पर लाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद महिला यात्रियों की मदद ली गई। इसी दौरान एम्बुलेंस पहुंचने से पहले ही महिला ने प्लेटफार्म पर ही एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद जच्चा-बच्चा को एम्बुलेंस से सदर अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों को भर्ती कराया गया। प्रसूति महिला रशीदा खातून बेतिया जिले के मनुआर निवासी मोहम्मद नजीर अंसारी की पत्नी है।

महिला ने बताया कि वह अपने मायके सीवान आने के लिए बेतिया से गोरखपुर होते हुए ट्रेन से यात्रा कर रही थी। महिला के परिजनों को भी सूचना दे दी गई, जिसके बाद उसके जीजा जिला अस्पताल पहुंच गए.फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story