बक्सर के इटाढ़ी में मानदेय को लेकर सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, इटाढ़ी में चरमराई सफाई व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
बक्सर के इटाढ़ी में मानदेय को लेकर सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, इटाढ़ी में चरमराई सफाई व्यवस्था


बक्सर, 08 अगस्त (हि.स.)।

नगर पंचायत इटाढ़ी में मानदेय के नियमित भुगतान और मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर सफाई कर्मियों ने शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। सफाई कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से नगर पंचायत क्षेत्र में शनिवार को सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। विभिन्न वार्डों, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा जमा होने लगा, जिससे लोगों को गंदगी और दुर्गंध के बीच आवागमन करना पड़ा।

हड़ताल पर गए सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें प्रत्येक माह मानदेय के भुगतान में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा लंबे समय से मानदेय में वृद्धि की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हुई है। कर्मियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।

इधर, हड़ताल की जानकारी मिलने के बाद नगर पंचायत के मुख्य पार्षद संजय पाठक ने सफाई कर्मियों से वार्ता कर हड़ताल समाप्त करने का प्रयास किया। हालांकि, वार्ता के बावजूद सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों पर कायम रहते हुए हड़ताल जारी रखने की बात कही।

सफाई कार्य ठप रहने से नगर के लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हड़ताल शीघ्र समाप्त नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कचरे का अंबार लग सकता है और स्थिति और गंभीर हो सकती है।

वहीं, सफाई कर्मियों की हड़ताल ने नगर पंचायत प्रशासन के समक्ष सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की चुनौती खड़ी कर दी है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल पहल कर सफाई कर्मियों की समस्याओं का समाधान कराने तथा नगर की सफाई व्यवस्था जल्द बहाल कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story