मौसम में बदलाव के कारण अस्पताल में बढ़ी मरीजों की संख्या

WhatsApp Channel Join Now
मौसम में बदलाव के कारण अस्पताल में बढ़ी मरीजों की संख्या


सुपौल, 02 मार्च (हि.स.)। मौसम में हो रहे लगातार बदलाव का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखने लगा है। जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल सुपौल में इन दिनों मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।

खासकर दवा वितरण काउंटर पर मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे अस्पताल परिसर में काफी भीड़ का माहौल बना हुआ है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, ओपीडी में रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या में पिछले कुछ दिनों से लगातार इजाफा हो रहा है। अधिकांश मरीज बुखार, सर्दी, खांसी और वायरल संक्रमण जैसी मौसमी बीमारियों से पीड़ित हैं।

डॉ. संजय कुमार ने बताया कि मौसम में अचानक हो रहे परिवर्तन के कारण वायरल बुखार और सर्दी-खांसी के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतें, ठंडे खाद्य पदार्थों से परहेज करें तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।

अस्पताल प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दवा काउंटर पर अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती पर विचार शुरू कर दिया है, ताकि मरीजों को समय पर दवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सावधान रहने की जरूरत है। साफ-सफाई, संतुलित आहार और नियमित हाथ धोने की आदत से मौसमी बीमारियों से काफी हद तक बचाव संभव है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story